एंड्रॉयड यूजर्स अलर्ट ! एक क्लिक में खाली हो रहा बैंक खाता, रायपुर पुलिस ने शातिर ठगों को राजस्थान में दबोचा
Winmate ऐप से भेजते थे फर्जी SMS, ठगी की रकम से Swiggy/Instamart पर कराते थे शॉपिंग
रायपुर। रायपुर रेंज पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंड्रॉयड यूजर्स को निशाना बनाकर ठगी करने वाले दो आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। आरोपी Winmate नामक फर्जी ऐप के जरिए लोगों के मोबाइल से धोखाधड़ी वाले SMS भेजते थे। इन SMS में हैकिंग लिंक होते थे, जिन पर क्लिक करते ही बैंक खातों से रकम पार हो जाती थी।
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत यह कार्रवाई की गई है।
RTO ई-चालान के नाम पर 4.52 लाख की ठगी
मामला तब सामने आया जब प्रार्थी धर्मेंद्र सिंह ने थाना विधानसभा में शिकायत दर्ज कराई कि उनके मोबाइल पर RTOechallan नाम से एक SMS आया। उसमें दिए लिंक पर क्लिक करते ही उनके बैंक खाते से 4.52 लाख रुपए कट गए।
इस पर अपराध क्रमांक 8/26 धारा 318(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता और 66(D) आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर रेंज साइबर थाना ने जांच शुरू की। जांच के दौरान गूगल, बैंक, यूट्यूब, मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों और टेलीग्राम से मिले तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया।
ऐसे करते थे फ्रॉड
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर Task Complete, Instant Bonus, Referral Bonus और गेम खेलकर कमाई जैसे लालच देकर Winmate और Wingo जैसे ऐप डाउनलोड करवाते थे।
ये ऐप प्ले स्टोर या ऐप स्टोर पर उपलब्ध नहीं होते। इंस्टॉल करते ही यूजर को बोनस राशि दिखाई जाती और “SMS Task” के नाम पर उसके मोबाइल नंबर से बड़ी संख्या में फर्जी चालान, बोनस लिंक और संदिग्ध लिंक भेजे जाते थे।
इन लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल हैक हो जाता और बैंक खाते या ई-वॉलेट से रकम निकाल ली जाती थी।
ठगी की रकम से क्विक कॉमर्स के जरिए खरीदारी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ठगी की रकम को छिपाने के लिए Swiggy और Instamart जैसे क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म से सामान खरीदते थे और उसकी डिलीवरी अलग-अलग राज्यों में करवाते थे, ताकि पैसों का ट्रैक छिपाया जा सके।
गिरफ्तार आरोपी
पृथ्वी कुमार बिश्नोई उर्फ राहुल (20 वर्ष)
पिता – हीराराम
निवासी – ग्राम डोलीकला, थाना कल्याणपुर, बाड़मेर (राजस्थान)
नरसिंह सिंह (24 वर्ष)
पिता – नैना राम
निवासी – भोपालगढ़, जोधपुर (राजस्थान)
आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, सिम कार्ड और बैंक खाते जब्त किए गए हैं।
इससे पहले भी इसी तरह के WinGo ऐप के जरिए साइबर फ्रॉड करने वाले तीन आरोपियों को महाराष्ट्र, ओडिशा और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस की अपील:* *ऐसे रहें सुरक्षित
ऐप केवल Play Store या App Store से ही डाउनलोड करें।
“गारंटीड मुनाफा” या “आसान कमाई” जैसे लालच से बचें।
अनावश्यक रूप से SMS, कॉन्टैक्ट, कॉल लॉग या बैंक संबंधी अनुमति मांगने वाले ऐप इंस्टॉल न करें।
किसी भी अज्ञात लिंक या APK फाइल पर क्लिक न करें।
साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
रायपुर रेंज पुलिस ने कहा है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

admin 









