Raipur News : मॉर्निंग वॉक करने वालों को राहत,होटल-रेस्टोरेंट में समय बिताने वालों से लिया जाएगा शुल्क

Raipur News : मॉर्निंग वॉक करने वालों को राहत,होटल-रेस्टोरेंट में समय बिताने वालों से लिया जाएगा शुल्क

रायपुर। तेलीबांधा तालाब मरीन ड्राइव पर प्रतिदिन मॉर्निंग वॉक करने आने वाले सैकड़ों नागरिकों को वाहन पार्किंग शुल्क से पूरी तरह राहत दी जाएगी। महापौर मीनल चौबे ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सुबह टहलने आने वाले किसी भी नागरिक से पार्किंग के नाम पर कोई शुल्क न लिया जाए।
महापौर ने कहा कि आम नागरिकों की सुविधा के लिए यह व्यवस्था बनाई जा रही है, इसका उद्देश्य मुनाफा कमाना नहीं है।

महापौर ने किया पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण

महापौर मीनल चौबे शुक्रवार को तेलीबांधा तालाब मरीन ड्राइव पहुंचीं। उनके साथ एमआईसी सदस्य मनोज वर्मा, अवतार भारती बागल, दीपक जायसवाल, संतोष सीमा साहू, अमर गिदवानी, पार्षद प्रदीप वर्मा सहित उपायुक्त राजस्व जागृति साहू, जोन-3 के कार्यपालन अभियंता ईश्वर लाल टावरे, सहायक अभियंता नरेश साहू, उप अभियंता अक्षय भारद्वाज और बाजार विभाग के आकाश झा उपस्थित थे।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने पार्किंग व्यवस्था की स्थल समीक्षा की और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि मॉर्निंग वॉक करने वालों को किसी भी तरह की असुविधा न हो।
होटल-रेस्टोरेंट में समय बिताने वालों से लिया जाएगा शुल्क
महापौर ने कहा कि जो लोग होटल, रेस्टोरेंट में घंटों समय बिताते हैं और वाहन अव्यवस्थित तरीके से खड़े करते हैं, उनसे नाममात्र का पार्किंग शुल्क लिया जाना जायज है। उन्होंने कहा कि छोटा सा योगदान शहर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने में मदद करेगा।

दिनभर की पार्किंग व्यवस्था से सुधरेगा यातायात

महापौर ने बताया कि सुबह मॉर्निंग वॉक करने वालों को पूरी राहत देने के बाद दिनभर की पार्किंग व्यवस्था से तेलीबांधा मरीन ड्राइव क्षेत्र में अव्यवस्थित यातायात की समस्या दूर होगी। इससे सड़क आवागमन सुगम और व्यवस्थित बना रहेगा।
महापौर ने कहा, “हम सुझाव और संवाद से काम करेंगे। हमारी प्राथमिकता नागरिकों की सुविधा है।”