IGNTU : असम के छात्र पर हॉस्टल के भीतर जानलेवा हमला, 5 छात्र विश्वविद्यालय से निष्कासित
पेंड्रा/अमरकंटक। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय (IGNTU) कैंपस में छात्र सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यहाँ के हॉस्टल में अर्थशास्त्र के एक छात्र पर कुछ छात्रों ने बेरहमी से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना की गूँज दिल्ली तक पहुँचने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए 5 आरोपी छात्रों को तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया है।
केवल 'असम' का होने पर हुई बेरहमी से पिटाई
पीड़ित छात्र हिरोज ज्योति दास, जो एम.ए. अर्थशास्त्र प्रथम वर्ष का छात्र है और मूल रूप से असम का निवासी है, ने अपनी शिकायत में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। हिरोज के अनुसार, वह विश्वविद्यालय के गुरु गोविंद सिंह बॉयज हॉस्टल में था, तभी 4 से 5 छात्रों ने उसे घेर लिया। हमलावरों ने पहले उसका विभाग और घर का पता पूछा। जैसे ही उन्हें पता चला कि हिरोज असम से है, उन्होंने गाली-गलौज करते हुए उस पर लात-घूंसों और मुक्कों से हमला कर दिया।
गंभीर चोटें: नाक की हड्डी टूटी, आंखों में खून जमा
हमला इतना बर्बर था कि हिरोज ज्योति दास को गंभीर चोटें आई हैं। मेडिकल रिपोर्ट और सीटी स्कैन के अनुसार, छात्र की नाक की हड्डी टूट गई है और उसकी आंखों में खून जमा हो गया है। चेहरे पर गहरे जख्मों के निशान हमलावरों की क्रूरता को बयां कर रहे हैं। पीड़ित छात्र ने इसे 'हत्या का प्रयास' करार दिया है।
छात्र संगठनों का आक्रोश और प्रशासन की कार्रवाई
इस क्षेत्रीय भेदभाव और मारपीट की खबर फैलते ही विश्वविद्यालय परिसर में तनाव फैल गया। छात्र संगठनों ने एकजुट होकर जमकर धरना प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। छात्रों का कहना है कि बाहरी राज्यों के छात्रों के साथ इस तरह का हिंसक व्यवहार कैंपस के शैक्षणिक माहौल को खराब कर रहा है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले की गंभीरता और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 5 छात्रों अनुराग पांडेय, जतिन सिंह, रंजीत त्रिपाठी, विशाल यादव और उत्कर्ष सिंह को तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया है। अब इन सभी के खिलाफ पुलिसिया कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

admin 









