दुर्ग: बर्थडे पार्टी के लिए पैसे नहीं मिले तो बना 'कलयुगी बेटा', शराब के नशे में पिता को लात-घूंसों से पीटा
दुर्ग। रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला दुर्ग से सामने आया है। यहाँ जन्मदिन मनाने के लिए पैसे न देने पर एक बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से पिटाई कर दी। शराब के नशे में धुत बेटे ने बुजुर्ग पिता पर हाथ उठाया, जिससे उन्हें चोटें आई हैं। पीड़ित पिता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित नरेश सिंह राजपूत (वार्ड 11, मुक्तिधाम के पास, हरनाबांधा) ठेले पर सब्जी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनका बड़ा बेटा राहुल सूर्यवंशी है, जिसका जन्मदिन था।
200 रुपये दिए, फिर 300 के लिए हुआ विवाद :
घटना 28 दिसंबर की रात की है।
-
नरेश सिंह ने बताया कि बेटे राहुल ने जन्मदिन मनाने के लिए उनसे पहले 200 रुपये मांगे थे, जो उन्होंने दे दिए थे।
-
रात को राहुल शराब के नशे में घर पहुंचा और पिता से 300 रुपये और मांगने लगा।
-
जब पिता ने कहा कि "अभी पैसे नहीं हैं, कल ले लेना", तो राहुल गुस्से से आगबबूला हो गया।
पिता पर बरसाए लात-घूंसे :
पैसे देने से मना करने पर आरोपी बेटे ने आव देखा न ताव, पिता के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि उसने पिता के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इस हमले में नरेश सिंह को चोटें आई हैं।
पुलिस ने दर्ज किया केस :
आहत पिता ने थाने पहुंचकर बेटे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। कोतवाली पुलिस ने आरोपी राहुल सूर्यवंशी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115 (2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 296 (अश्लील कार्य/गाली-गलौज) और 351 (3) (आपराधिक धमकी) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

admin 









