फुटबॉल में छत्तीसगढ़ को रजत पदक: फाइनल में कड़े मुकाबले में पश्चिम बंगाल से 0-1 से हार

फुटबॉल में छत्तीसगढ़ को रजत पदक: फाइनल में कड़े मुकाबले में पश्चिम बंगाल से 0-1 से हार

रायपुर। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के तहत रायपुर के स्वामी विवेकानंद एथलेटिक स्टेडियम, कोटा में खेले गए पुरुष फुटबॉल के फाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल के बीच रोमांचक संघर्ष देखने को मिला। इस मुकाबले में छत्तीसगढ़ को 0-1 से हार का सामना करना पड़ा और टीम को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

फाइनल मैच में दोनों टीमों ने उच्च स्तर का खेल प्रदर्शित किया। छत्तीसगढ़ की टीम ने बेहतरीन तालमेल, तेज आक्रमण और मजबूत रक्षा का प्रदर्शन करते हुए मुकाबले को लगातार प्रतिस्पर्धी बनाए रखा।

हाफ टाइम तक पश्चिम बंगाल 1-0 से आगे रहा। दूसरे हाफ में छत्तीसगढ़ ने बराबरी के लिए कई आक्रमण किए, लेकिन गोल करने में सफलता नहीं मिल सकी।

मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और अधिकारी उपस्थित रहे। यशवंत कुमार सहित विभिन्न विभागों और भारतीय खेल प्राधिकरण के अधिकारी भी इस अवसर पर मौजूद थे।

छत्तीसगढ़ की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रजत पदक हासिल किया और प्रदेश का गौरव बढ़ाया।