कला मर्मज्ञ के. सी. मालू नई दिल्ली में राजस्थान संस्था संघ अवार्ड से सम्मानित
रायपुर। कला मर्मज्ञ के.सी. मालू को नई दिल्ली में आयोजित राजस्थान स्थापना दिवस समारोह में ‘राजस्थान संस्था संघ अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद पी.पी. चौधरी, विशिष्ट अतिथि सांसद जयप्रकाश निषाद, राजस्थान संस्था संघ के अध्यक्ष नवरत्न अग्रवाल एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. गौरव गुप्ता ने उन्हें शाल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
मालू को यह सम्मान बिना किसी सरकारी सहयोग के अपने बलबूते पर राजस्थानी संगीत को देश-विदेश में पहचान दिलाने तथा लोक कलाकारों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करने के उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया है।
राजस्थान सहित देश के सांस्कृतिक क्षेत्र में विशिष्ट पहचान रखने वाले मालू को पूर्व में राजस्थान सरकार द्वारा ‘राजस्थान रत्न’ अलंकरण से भी सम्मानित किया जा चुका है। उन्हें विभिन्न राज्यस्तरीय, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार भी प्राप्त हुए हैं। उन्होंने प्रसिद्ध संगीतकार नौशाद के साथ कार्य करते हुए राजस्थानी लोक संगीत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
के.सी. मालू द्वारा स्थापित ‘सुर-संगम’ संस्था एवं ‘वीणा म्यूजिक समूह’ राजस्थानी लोक संगीत के संरक्षण और संवर्धन में अहम योगदान दे रहे हैं। उन्होंने 221 राजस्थानी विवाह गीतों का विश्व का सबसे बड़ा संकलन तैयार किया है, जो हिंदी, अंग्रेजी और राजस्थानी भाषाओं में प्रकाशित है। इसके साथ ही इन गीतों की 24 ऑडियो-वीडियो सीडी भी जारी की गई हैं।
मालू ने अपने पैतृक स्थान सुजानगढ़ (चूरू) में ‘सुक्षेम महोत्सव’ का आयोजन कर स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान किया। साथ ही वे अपने गांव में लगभग 250 करोड़ रुपये की लागत से 300 बिस्तरों वाले अस्पताल के निर्माण में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए अन्य विभूतियों को भी सम्मानित किया गया, जिनमें चिकित्सा क्षेत्र में डॉ. एस.के. सरीन, समाज सेवा एवं स्वच्छता में के.के. गुप्ता, उद्योग-व्यवसाय में नरसी कुलरिया, संगीत में डॉ. प्रेम भंडारी, मीडिया में पुरुषोत्तम दिवाकर, साहित्य में भरत चंद्र शर्मा, जनसंपर्क में गोविंद पारीक तथा खेलकूद में अश्विनी विश्नोई शामिल हैं।

admin 





