मादक पदार्थों को रोकने सरकार ने कमर कसी, 10 जिलों में एण्टी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स 

मादक पदार्थों को रोकने सरकार ने कमर कसी, 10 जिलों में एण्टी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स 
गंभीर खतरों से निपटने के लिए स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप भी
रायपुर (चैनल इंडिया)। मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने कमर कस ली है। इसके पहले चरण में प्रदेश के 10 जिलों में जिला स्तरीय एन्टी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स का गठन करने का फैसला आज कैबिनेट की बैठक में लिया गया। 
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में प्रदेश के 10 जिलों में जिला स्तरीय एन्टी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स के गठन हेतु वित्तीय वर्ष 2025-26 के मुख्य बजट में प्रावधानित सौ नवीन पदों की  स्वीकृति प्रदान की गई। इसमें रायपुर, महासमुंद, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर, सरगुजा, कबीरधाम, जशपुर, राजनांदगांव एवं कोरबा जिला शामिल हैं। इसी तरह वित्तीय वर्ष 2025-26 के मुख्य बजट में पुलिस मुख्यालय के विशेष शाखा अंतर्गत एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) के गठन के लिए प्रावधानित 44 नवीन पदों की स्वीकृति प्रदान की गई है। एसओजी का काम किसी भी बड़ी या अचानक हुई घटना में तुरंत मौके पर पहुँचकर हालात को संभालना और आतंकी हमला या गंभीर खतरे को जल्दी खत्म करना होता है। एसओजी एक खास तरह की प्रशिक्षित टीम होती है, जिसे ऐसे खतरनाक कामों के लिए तैयार किया जाता है। 
महत्वपूर्ण फैसले
- राज्य के विभिन्न एयरपोर्ट एवं हवाई पट्टियों में उड़ान प्रशिक्षण संगठन (एफटीओ) की स्थापना व इसके संचालन के दिशा-निर्देशों का अनुमोदन किया गया। इसके तहत छत्तीसगढ़ में पायलट प्रशिक्षण की सुविधा के लिए राज्य में उड़ान प्रशिक्षण संगठन की स्थापना की जाएगी। 
- छत्तीसगढ़ नवाचार एवं स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति 2025-26 का अनुमोदन किया गया। 
- छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल और रायपुर विकास प्राधिकरण द्वारा बनाई गई और पूरी हो चुकी 35 आवासीय कॉलोनियों को नगर निगम और नगर पालिकाओं को सौंपने का निर्णय लिया गया है। इन कॉलोनियों में खुले भू-खंड, उद्यान और अन्य सार्वजनिक सुविधाएं शामिल होंगी। हालांकि, आवासीय, व्यावसायिक और अद्र्धसार्वजनिक बिक्री योग्य संपत्तियां इसमें शामिल नहीं होंगी।
- नवा रायपुर अटल नगर में शासकीय विभागों तथा निगम-मंडल के कार्यालयों के लिए नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण द्वारा एक वृहद बहुमंजिला भवन बनाने का निर्णय लिया गया है और यहां विभागों को स्पेस आबंटित किया जाएगा। 
-  सिरपुर एवं अरपा क्षेत्र में सुनियोजित विकास और विकास कार्यों को गति देने के लिए संबंधित क्षेत्र में शासकीय भूमि के आबंटन का अधिकार संबंधित जिले के कलेक्टर को प्रदान किया गया है। 
- ‘‘छत्तीसगढ़ क्लाउड फस्र्ट नीति‘‘ को प्रदेश में लागू किए जाने की स्वीकृति प्रदान की है। 
- राज्य में डिजिटल अवसंरचना को विस्तार देने के लिए मोबाइल टावर योजना का अनुमोदन किया गया है। इसके अंतर्गत चयनित मोबाइल नेटवर्क विहीन बसाहटों में टावर की स्थापना की जाएगी।