रायपुर रेलवे स्टेशन स्थित हनुमान मंदिर सभी धर्मों की एकता का प्रतीक : कुबेर राठी

रायपुर रेलवे स्टेशन स्थित हनुमान मंदिर सभी धर्मों की एकता का प्रतीक : कुबेर राठी

सभी धर्मों के लोगों ने मिलकर हनुमान जन्मोत्सव को बनाया भव्य और यादगार

रायपुर। राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन परिसर स्थित हनुमान मंदिर में इस बार हनुमान जन्मोत्सव पूरे उल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। खास बात यह रही कि इस आयोजन में सभी धर्मों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और आपसी भाईचारे की अनूठी मिसाल पेश की।

मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण के साथ पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। विभिन्न धर्मों के श्रद्धालुओं ने एक साथ मिलकर हनुमान जन्मोत्सव को उत्सव के रूप में मनाया, जिससे सामाजिक समरसता का संदेश भी प्रसारित हुआ।

मंदिर की विशेषता इसकी संरचना में भी झलकती है। मंदिर के गुम्बद के चारों ओर बनी प्रतिमाएं विभिन्न धर्मों की सहभागिता को दर्शाती हैं, जो यहां आने वाले श्रद्धालुओं को एकता और सौहार्द का संदेश देती हैं। वहीं परिसर में स्थापित मां दुर्गा के नौ स्वरूप श्रद्धालुओं को महाशक्ति के दिव्य दर्शन कराते हैं।

आयोजन के दौरान भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरा आयोजन श्रद्धा, भक्ति और एकता के रंग में रंगा नजर आया।

राज्यपाल ने कुबेर राठी के सेवा कार्यों की मुक्त कंठ से की प्रशंसा

रायपुर। राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन परिसर स्थित ‘सर्व धर्म हनुमान मंदिर’ में हनुमान जन्मोत्सव का पर्व अभूतपूर्व श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस गरिमामयी समारोह में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन की भव्यता और समाजसेवी कुबेर राठी के सेवा संकल्प की राज्यपाल ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

भक्ति और सामाजिक समरसता का संगम

भगवान बजरंगबली की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के पश्चात मीडिया से चर्चा करते हुए राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि ईश्वर ऐसे पुण्य कार्यों के लिए अपने विशेष भक्तों को चुनता है। उन्होंने कुबेर राठी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि समाज में एकता और समरसता का संदेश भी दे रहा है।

हनुमान जन्मोत्सव पर किरण सिंह देव ने दी प्रदेश को शुभकामनाएं

हनुमान जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने ‘सर्व धर्म हनुमान मंदिर’ पहुंचकर बजरंगबली की पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की। मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि इस मंदिर में प्रभु का प्राकट्योत्सव प्रतिवर्ष बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि यहां हजारों श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ उमड़ते हैं और सामूहिक भोग-प्रसाद ग्रहण कर भक्ति व सामाजिक समरसता का परिचय देते हैं।

सेवा ही जीवन का परम लक्ष्य: कुबेर राठी

समिति के संस्थापक और समाजसेवी कुबेर राठी ने इस अवसर पर भगवान बजरंगबली की भव्य आरती की और प्रदेशवासियों की खुशहाली और आरोग्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बजरंगबली की सेवा ही उनके जीवन का एकमात्र लक्ष्य है। यह सब प्रभु की कृपा से ही संभव है कि हजारों भक्तों की सेवा की जा रही है।

विशाल महाभंडारा: 15 हजार श्रद्धालुओं ने पाया प्रसाद

जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर में सेवा का महाकुंभ देखने को मिला। सुबह से शुरू हुए विशाल महाभंडारे में लगभग 15,000 श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर अनुशासित तरीके से प्रसाद ग्रहण किया। ‘जय बजरंगबली’ और ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से पूरा स्टेशन परिसर भक्तिमय हो गया।

महाआरती और आतिशबाजी से भक्तिमय हुआ आकाश

रात्रि में आयोजित भव्य महाआरती ने वातावरण को श्रद्धा और भक्ति से सराबोर कर दिया। इसके पश्चात लेजर शो और आतिशबाजी ने उत्सव को और भव्य बना दिया, जिसे देखकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो उठे।

दिग्गज नेताओं की उपस्थिति

इस अवसर पर कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां उपस्थित रहीं, जिनमें प्रमुख रूप से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, दक्षिण विधायक सुनील सोनी, भाजपा प्रवक्ता राजकुमार राठी, महिला एवं बाल विकास आयोग अध्यक्ष वर्णिका शर्मा, अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आभा सिंह, अंबिकापुर महापौर मंजूषा भगत, पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा, चैंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष संदीप थौरानी, वरिष्ठ नेता श्रीचंद सुंदरानी, अंकित राठी, सेवा समिति संयोजक कमलेश तिवारी, महासचिव महेंद्र सिंघानिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।