पुलिस कॉलोनी में महिला कॉन्स्टेबल की मौत, हर एंगल से पुलिस की जांच जारी

पुलिस कॉलोनी में महिला कॉन्स्टेबल की मौत, हर एंगल से पुलिस की जांच जारी

पुलिस कॉलोनी में महिला कॉन्स्टेबल की मौत, हर एंगल से पुलिस की जांच जारी

रायपुर। राजधानी के आजाद चौक थाना क्षेत्र स्थित पुलिस कॉलोनी में शनिवार देर रात एक महिला कॉन्स्टेबल का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतका की पहचान पूजा कुशवाहा के रूप में हुई है, जो कॉलोनी में अकेले रहती थी। घटना के बाद पुलिस महकमे और कॉलोनी में हड़कंप मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब साढ़े 8 बजे पड़ोसियों ने खिड़की से झांककर देखा तो पूजा कुशवाहा का शव फंदे से लटका हुआ था। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही आजाद चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।

उन्होंने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। मृतका के पारिवारिक और व्यक्तिगत जीवन से जुड़े तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है। साथ ही सहकर्मियों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की वजह स्पष्ट हो सके।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।