संतोष मिश्रा बने छत्तीसगढ़ सोलर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष
राजधानी रायपुर में हुई प्रथम ऐतिहासिक महासभा
रायपुर। छत्तीसगढ़ के सौर ऊर्जा क्षेत्र को एक सूत्र में पिरोने और इसे नई ऊंचाइयों पर ले जाने के उद्देश्य से नवगठित 'छत्तीसगढ़ सोलर वेलफेयर एसोसिएशन 2026' की प्रथम महासभा सोमवार को राजधानी रायपुर के शंकर नगर स्थित सिंधु पैलेस में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस गरिमामयी आयोजन में सर्वसम्मति से संतोष मिश्रा को एसोसिएशन का अध्यक्ष मनोनीत किया गया।
दिग्गजों की उपस्थिति में हुआ मंथन
महासभा में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के संरक्षक एवं पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी, प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी, कार्यकारी अध्यक्ष जसप्रीत सलूजा, उपाध्यक्ष राजेश गुमनानी और रायपुर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष हितेंद्र तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने सौर ऊर्जा के क्षेत्र में संगठन की आवश्यकता पर बल देते हुए नवनियुक्त कार्यकारिणी को बधाई दी।

वर्ष 2026 के लिए बनी 'सशक्त' रणनीति
बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु "सशक्त संगठन-सशक्त भविष्य" रहा। नवनियुक्त अध्यक्ष संतोष मिश्रा ने प्रदेश भर से आए सौर ऊर्जा विशेषज्ञों और व्यवसायियों को संबोधित करते हुए वर्ष 2026 की नीतिगत कार्ययोजना प्रस्तुत की। सभा में सोलर इंडस्ट्री के सामने आ रही चुनौतियों, सरकारी नीतियों के सरलीकरण और राज्य में सौर ऊर्जा के विस्तार को लेकर गहन चर्चा की गई।
नेटवर्किंग और परिचय सत्र
दोपहर 3:00 बजे से शुरू हुए सत्र में प्रदेश के कोने-कोने से आए सदस्यों ने अपना पंजीयन कराया और आपसी परिचय सत्र के माध्यम से नेटवर्किंग को मजबूती दी। बाहर से आए सदस्यों के लिए एसोसिएशन द्वारा विशेष आवास व्यवस्था भी की गई थी।
भव्य नववर्ष मिलन समारोह हुआ
संगठनात्मक चर्चा के पश्चात रात्रि 9:00 बजे से नववर्ष मिलन समारोह एवं भव्य रात्रिभोज का आयोजन किया गया, जिसमें सदस्यों ने सांस्कृतिक उल्लास के साथ नए साल का स्वागत किया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने इस महासभा को प्रदेश के सोलर सेक्टर के लिए एक 'मील का पत्थर' बताते हुए कहा कि यह एकजुटता राज्य के ऊर्जा परिदृश्य को बदलने में निर्णायक साबित होगी।

admin 









