गर्मी में राहत: एलटीटी–सांतरागाछी के बीच चलेगी समर स्पेशल ट्रेन, छत्तीसगढ़ के यात्रियों को बड़ी सुविधा

गर्मी में राहत: एलटीटी–सांतरागाछी के बीच चलेगी समर स्पेशल ट्रेन, छत्तीसगढ़ के यात्रियों को बड़ी सुविधा

रायपुर। गर्मियों की छुट्टियों में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) – सांतरागाछी के बीच समर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह गाड़ी छत्तीसगढ़ के प्रमुख स्टेशनों दुर्ग, रायपुर और बिलासपुर होकर गुजरेगी, जिससे प्रदेश के यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।

अप्रैल और मई के महीने में मुंबई (एलटीटी) और कोलकाता (सांतरागाछी) की ओर जाने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग रहती है। इस स्पेशल ट्रेन के शुरू होने से दुर्ग-भिलाई, रायपुर और बिलासपुर के रेल यात्रियों को कंफर्म सीट मिलने की संभावना बढ़ जाएगी और यात्रा सुगम होगी।

गाड़ी संख्या 01127/01128 का पूरा शेड्यूल

गाड़ी संख्या 01127 एलटीटी-सांतरागाछी स्पेशल 24 अप्रैल और 1 मई 2026 को एलटीटी से रवाना होगी। यह ट्रेन दोपहर 17.25 बजे दुर्ग, 18.05 बजे रायपुर और रात 20.05 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। अगले दिन सुबह 7.00 बजे यह ट्रेन सांतरागाछी पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 01128 सांतरागाछी-एलटीटी स्पेशल 26 अप्रैल और 3 मई 2026 को सांतरागाछी से दोपहर 15.00 बजे रवाना होगी। यह रात 03.15 बजे बिलासपुर, सुबह 05.10 बजे रायपुर और 06.10 बजे दुर्ग पहुंचेगी।

गर्मियों के सीजन को देखते हुए रेलवे आने वाले दिनों में कुछ और रूटों पर भी स्पेशल ट्रेनों की घोषणा कर सकता है। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे रेल मदद ऐप या आधिकारिक वेबसाइट के जरिए अपनी टिकट बुकिंग जल्द सुनिश्चित करें।