शादी से पहले रेप केस में कांग्रेस नेता रवि चंद्रवंशी गिरफ्तार, गर्लफ्रेंड की शिकायत पर कार्रवाई
कवर्धा। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस से जुड़े नेता रवि चंद्रवंशी को दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि 7 मई को उसकी शादी तय थी और वह शादी के कार्ड बांट रहा था, तभी पुलिस ने रायपुर से उसे हिरासत में लिया।
मामला कवर्धा थाना क्षेत्र का है। रवि चंद्रवंशी कवर्धा जिला किसान कांग्रेस संघ का अध्यक्ष बताया जा रहा है। उसकी गर्लफ्रेंड ने कवर्धा महिला थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि दोनों पिछले 10 वर्षों से रिलेशनशिप में थे। पीड़िता के अनुसार, रवि ने शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में शादी से इनकार कर दिया।
शिकायत के आधार पर FIR दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 26 अप्रैल को आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर कवर्धा ले गई।
जानकारी के मुताबिक, रवि चंद्रवंशी पहले जोगी कांग्रेस से जुड़ा हुआ था और पंडरिया विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ चुका है। करीब दो साल पहले उसने कांग्रेस में वापसी की थी, जिसके बाद उसे किसान कांग्रेस संगठन में पद मिला था।
मामले के सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर रवि चंद्रवंशी की तस्वीरें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, PCC चीफ दीपक बैज और सचिन पायलट जैसे वरिष्ठ नेताओं के साथ वायरल हो रही हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

admin 





