मार्च में चालान से वसूले सवा तीन करोड़, साहबों की गाड़ी से धेला नहीं

मार्च में चालान से वसूले सवा तीन करोड़, साहबों की गाड़ी से धेला नहीं
आम आदमी पर चालान की मार
रायपुर (चैनल इंडिया)। नियमों का पालन सभी को करना चाहिए। लेकिन नियम सभी के लिए एक जैसे ही होने चाहिए, लेकिन ऐसा होता दिखता नहीं। ट्रैफिक पुलिस ने मार्च में रिकार्ड चालान काटे हैं। आम आदमी से चालान के नाम पर तीन करोड़ 19 लाख रुपए वसूल किए गए, लेकिन हैरत की बात है कि सरकारी गाडिय़ों का एक भी चालान नहीं काटा।
अफसर कहते हैं कि, सरकारी गाडिय़ों का चालान नहीं काटा जाता, ऐसा नियम है। लेकिन परिवहन विभाग कहता है-नियम सबके लिए बराबर हैं। सरकारी गाड़ी अगर नियम तोड़ती है तो उसे भी दंडित किया जाना चाहिए। मार्च में कुल 1 लाख 12 हजार 271 लोगों के खिलाफ टैफिक नियमों के उल्लंघन की कार्रवाई की गई है। इन तीन महीनों में सरकारी विभाग की एक भी गाड़ी का चालान नहीं कटा है। ट्रैफिक पुलिस के अफसरों के अनुसार सरकारी गाडिय़ों को चालानी कार्रवाई से छूट है। वहीं परिवहन विभाग का कहना है कि छूट का कोई नियम नहीं है।
नियम सभी पर लागू
अतिरिक्त परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर ने कहा कि, मोटर व्हीकल एक्ट के नियम-सरकारी के साथ सभी निजी गाड़ी तथा उनके वाहन चालकों पर लागू होते हैं। नियमों में किसी को छूट नहीं दी गयी है। ट्रैफिक नियमों का सभी को अनिवार्य रूप से पालन करना है।