कार में मिला 50 किलो गांजा : रायपुर में दो तस्कर गिरफ्तार,वाहन के साथ 2 लाख नकद भी जब्त
रायपुर। राजधानी में गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 50 किलो से ज्यादा गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2 लाख रुपए नकद, दो मोबाइल फोन और एक कार जब्त की गई है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 32.67 लाख रुपए आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर दबिश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 14 फरवरी 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि थाना सिविल लाइन क्षेत्र के केनाल रोड स्थित दुर्गा मंच के पीछे खाली मैदान में एक कार में सवार दो युवक अवैध रूप से गांजा रखकर ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में टीम गठित की गई। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध वाहन को घेराबंदी कर पकड़ा।
कार की तलाशी में मिला गांजा
जांच के दौरान कार में सवार दो व्यक्तियों से पूछताछ की गई। उन्होंने अपना नाम हृषिकेश उर्फ ऋषिकेश उर्फ ऋषि सरोज (28) निवासी धमतरी और हिमांशु दामले (31) निवासी मोहला-मानपुर बताया।
वाहन की तलाशी लेने पर अलग-अलग पैकेटों में रखा 50 किलो 94 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा 2 लाख रुपए नकद, दो मोबाइल फोन और टोयोटा कार (क्रमांक MH-01-BU-9616) जब्त की गई।

NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज
दोनों आरोपियों के खिलाफ सिविल लाइन थाना में अपराध क्रमांक 88/26 के तहत धारा 20(सी) और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी के नेटवर्क की फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है।
2026 में 12 मामलों में 27 गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने गांजा तस्करी के 12 प्रकरणों में 27 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन मामलों में 125.658 किलोग्राम गांजा, 2.04 लाख रुपए से अधिक नकदी, दो चारपहिया वाहन और पांच मोबाइल फोन जब्त किए जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

admin 









