एमआईसी की बैठक में 17 बड़े फैसले : 10 एसी बस स्टॉप का प्रस्ताव निरस्त, 157 पदों पर सीधी भर्ती को मंजूरी

एमआईसी की बैठक में 17 बड़े फैसले : 10 एसी बस स्टॉप का प्रस्ताव निरस्त, 157 पदों पर सीधी भर्ती को मंजूरी

रायपुर। नगर पालिक निगम की मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) की बैठक गुरुवार को महापौर मीनल चौबे की अध्यक्षता में हुई। बैठक में शहर के समग्र विकास, स्वच्छता, जल निकासी, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए। बैठक में आयुक्त विश्वदीप सहित सभी एमआईसी सदस्य और अधिकारी मौजूद रहे।
एमआईसी ने स्पष्ट किया कि सभी निर्णयों का उद्देश्य आम नागरिकों को सीधा लाभ पहुंचाना, शहर को स्वच्छ-सुंदर बनाना और भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखकर योजनाओं को लागू करना है।
बैठक के प्रमुख निर्णय


69 दुकानदारों को मिलेगा नया ठिकाना
मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत खालसा स्कूल के सामने से हटाए गए 69 दुकानदारों को क्रिस्टल आर्केड के सामने दुकानें बनाकर व्यवस्थित किया जाएगा। दुकान निर्माण के बाद जिला आबंटन समिति के माध्यम से पारदर्शी प्रक्रिया से आबंटन होगा।
शहर के 6 प्रमुख मार्ग बने नो-फ्लेक्स जोन
रायपुर के 6 मुख्य मार्गों को नो-फ्लेक्स जोन घोषित किया गया है। यहां अवैध बैनर, पोस्टर और फ्लेक्स पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। उल्लंघन पर जुर्माना लगेगा और हटाने का खर्च विज्ञापनकर्ता से वसूला जाएगा। केवल शासकीय विज्ञापनों को छूट दी गई है।


नो-फ्लेक्स जोन मार्ग
टाटीबंध चौक से जयस्तंभ चौक होते हुए तेलीबांधा थाना तक
पचपेडी नाका चौक से लालपुर ओवरब्रिज तक
भगत सिंह चौक से छत्तीसगढ़ क्लब होते हुए केनाल रोड
एनआईटी रायपुर से गोल चौक होते हुए रायपुर चौक
जयस्तंभ चौक से कोतवाली चौक होते हुए बिजली ऑफिस चौक
महिला थाना चौक से बूढ़ेश्वर मंदिर चौक तक


जल बोर्ड का गठन होगा
शहर में बढ़ती आबादी और जल आपूर्ति की समस्याओं को देखते हुए समर्पित जल बोर्ड के गठन का निर्णय लिया गया है, ताकि जल वितरण, पाइपलाइन विस्तार और जल गुणवत्ता से जुड़े मुद्दों का त्वरित समाधान हो सके।


कुशालपुर में जलभराव से मिलेगी राहत
कुशालपुर क्षेत्र में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए करीब 3 करोड़ रुपए के नाला और पाइप लाइन पुशिंग कार्यों को मंजूरी दी गई है। इससे बरसात के दौरान जल निकासी बेहतर होगी।


अमृत 2.0 के तहत 15 करोड़ की प्रोत्साहन राशि
अमृत 2.0 मिशन के तहत माइलस्टोन पूरा करने पर रायपुर नगर निगम को 15 करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि मिली है। इससे ड्रेनेज प्लानिंग, ड्रोन आधारित प्रॉपर्टी टैक्स मैपिंग, नालों की मैकेनाइज्ड सफाई और ड्रेन मास्टर मशीन की खरीदी की जाएगी।
ड्रेन मास्टर मशीन पानी में चलकर गाद, प्लास्टिक और कचरे की सफाई करेगी, जिससे मैनुअल सफाई खत्म होगी।


एसटीपी अपग्रेडेशन के लिए 8.75 करोड़
सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के बेहतर संचालन पर 8.75 करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि स्वीकृत हुई है। इससे सोलर पावर प्लांट, डायवर्सन वीयर निर्माण, टैंकर खरीदी और तकनीकी अपग्रेडेशन किए जाएंगे।


157 पदों पर सीधी भर्ती को हरी झंडी
नगर निगम के विभिन्न विभागों में 157 रिक्त पदों (उप अभियंता, राजस्व निरीक्षक, स्वच्छता निरीक्षक सहित) पर सीधी भर्ती के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इससे सेवाओं की गुणवत्ता सुधरेगी और युवाओं को रोजगार मिलेगा।


अन्य महत्वपूर्ण फैसले


18 प्रमुख रोड जंक्शनों का 10 करोड़ की लागत से विकास
वायु गुणवत्ता सुधार के लिए सड़कों के निर्माण कार्य
स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत नए शौचालय निर्माण
सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्त नियंत्रण
231 निराश्रित पेंशन और 85 राष्ट्रीय परिवार सहायता प्रकरणों पर निर्णय
स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों की प्रतिमा स्थापना व चौकों के नामकरण की अनुशंसा
महापौर मीनल चौबे ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य रायपुर को स्वच्छ, सुरक्षित, सुंदर और रहने योग्य शहर बनाना है, और सभी योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से किया जाएगा।