‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ के दौरान छत्तीसगढ़ सरकार और पर्यटन मंडल की व्यवस्थाओं को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना

‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ के दौरान छत्तीसगढ़ सरकार और पर्यटन मंडल की व्यवस्थाओं को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना

मैनपाट में सांस्कृतिक संगम, मेहमानों ने सराही प्राकृतिक सुंदरता और आतिथ्य

रायपुर। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ के दौरान छत्तीसगढ़ सरकार और छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल द्वारा की गई व्यवस्थाएं राष्ट्रीय स्तर पर सराहना बटोर रही हैं। विभिन्न राज्यों से आए खेल अधिकारियों और कोचों ने सरगुजा जिले के मैनपाट के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर यहां की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और आत्मीय आतिथ्य का अनुभव किया।

अतिथियों ने मैनपाट के तिब्बती मोनेस्ट्री, उल्टा पानी और जलजली जैसे प्रसिद्ध स्थलों का भ्रमण किया। इन स्थलों की विशेषता और प्राकृतिक आकर्षण ने सभी को प्रभावित किया। अधिकारियों और कोचों ने मैनपाट को देश का एक अनूठा पर्यटन स्थल बताते हुए इसकी सराहना की।

भ्रमण के दौरान मेहमानों ने छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के सैला रिसॉर्ट में पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया। चीला, फरा, ठेठरी-खुरमी जैसे स्थानीय व्यंजनों को उन्होंने स्वादिष्ट और पौष्टिक बताते हुए सराहा।

अतिथियों ने स्थानीय निवासियों के सरल और आत्मीय व्यवहार की भी प्रशंसा की। उनका कहना था कि यहां का आतिथ्य उन्हें अपने घर जैसा अनुभव कराता है, जो छत्तीसगढ़ की पहचान को मजबूत बनाता है।

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल द्वारा खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में शामिल खिलाड़ियों, अधिकारियों और कोचों को राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जा रहा है। इस पहल से उन्हें छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और खानपान से परिचित कराया जा रहा है, जिससे राज्य की सकारात्मक छवि राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित हो रही है।

खेल और पर्यटन के इस समन्वित प्रयास ने छत्तीसगढ़ को नई दिशा दी है, जहां खेल आयोजन केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि सांस्कृतिक आदान-प्रदान का माध्यम भी बन रहे हैं। इससे राज्य के पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ देशभर में छत्तीसगढ़ की सकारात्मक पहचान मजबूत हो रही है।