रायपुर (चैनल इंडिया)। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नागपुर प्रवास के दौरान केंद्रीय सडक़ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर एनएच-30 के धवईपानी (चिल्फी) से सिमगा तक के 122 किलोमीटर हिस्से को 4-लेन बनाने और कवर्धा बायपास निर्माण का महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखा। केंद्रीय मंत्री ने छत्तीसगढ़ की इस मांग पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए जल्द स्वीकृति देने का ठोस आश्वासन दिया है।
यह परियोजना छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी की लाइफ लाइन साबित होगी। जबलपुर से रायपुर के बीच वर्तमान में कुछ हिस्से 2-लेन होने के कारण भारी वाहनों के दबाव से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। चार-लेन बनने और कवर्धा बायपास के निर्माण से न केवल यात्रा का समय घटेगा बल्कि कवर्धा शहर के भीतर लगने वाले जाम और हादसों से स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि एनएच-30 पर जबलपुर से मंडला और चिल्फी तक के 160 किमी हिस्से को पहले ही 4-लेन की मंजूरी मिल चुकी है। वर्तमान में चिल्फी से कवर्धा और कवर्धा से सिमगा तक का मार्ग केवल 10 मीटर चौड़ा है। चूंकि यह एक अंतर्राज्यीय व्यावसायिक मार्ग है, इसलिए जबलपुर-चिल्फी खंड के 4-लेन होते ही आगे के 2-लेन खंड पर ट्रैफिक का दबाव कई गुना बढ़ जाएगा। इसी दूरदर्शिता को देखते हुए धवईपानी से सिमगा तक के पूरे सेक्शन को अपग्रेड करना
अनिवार्य हो गया है। नागपुर से लौटते ही रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा करते हुए उपमुख्यमंत्री ने बताया कि मंत्री गडकरी ने इस मांग को प्राथमिकता पर रखने की बात कही है।
प्रमुख क्षेत्र:
यह मार्ग कबीरधाम (कवर्धा) जिला मुख्यालय से गुजरता है, जो सामाजिक और राजनीतिक रूप से अहम है। केंद्रीय मंत्री के आश्वासन के बाद अब इस प्रोजेक्ट की विस्तृत कार्ययोजना (डीपीआर) और तकनीकी प्रक्रियाओं में तेजी आएगी। जल्द ही औपचारिक स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है, जिससे रायपुर से जबलपुर तक का सफर पूरी तरह से निर्बाध 4-लेन हो जाएगा।