सीएम ने दिल्ली में छत्तीसगढ़ के सांसदों को कराया रात्रिभोज

सीएम ने दिल्ली में छत्तीसगढ़ के सांसदों को कराया रात्रिभोज
रायपुर (चैनल इंडिया)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में राज्य के सांसदों के साथ रात्रिभोज पर मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने आत्मीय वातावरण में सभी सांसदों से संवाद किया और राज्य के समग्र विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास को नई गति देने के लिए केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने सांसदों से आग्रह किया, वे संसद सत्र के दौरान राज्य से जुड़े प्रमुख विषयों को प्रभावी ढंग से उठाएं, ताकि छत्तीसगढ़ को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।

मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया में बताया कि नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में राज्य के सांसदों के साथ रात्रिभोज पर आत्मीय मुलाकात हुई। इस अवसर पर सांसदों के साथ विस्तार से संवाद हुआ और प्रदेश के समग्र विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में डबल इंजन सरकार छत्तीसगढ़ के विकास को नई गति देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। छत्तीसगढ़ को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने के लिए हम संकल्पित होकर कार्य कर रहे हैं। मिलकर किए गए प्रयासों से ही नए, सशक्त और समृद्ध छत्तीसगढ़ का निर्माण होगा।